हरदोई में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में एक घायल, चार गिरफ्तार

हरदोई। शाहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, बाइक खोलने के उपकरण, एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शाहाबाद निवासी नेकराम की मोटरसाइकिल 31 मई 2026 को नवीन मंडी क्षेत्र से चोरी हो गई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान 6-7 जून की रात पचदेवरा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश चांदपुर मोड़ के पास बाग में चोरी की मोटरसाइकिलें काट रहे हैं।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नूर मोहम्मद उर्फ जरैन्द पुत्र बिस्मिल निवासी कटिघरा थाना हरियावां घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। उसके साथ राजपाल पुत्र रामऔतार मौर्य, वीरसिंह चौहान पुत्र गिरेन्द्र सिंह और शिवनाथ पुत्र लालबहादुर को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने शाहाबाद और लोनार थाना क्षेत्रों में दर्ज कई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें नवीन गल्ला मंडी, उधरनपुर बाजार, लोनी उर्स मेला और बकुरा गढ़ी बाजार से हुई मोटरसाइकिल चोरियां शामिल हैं।
एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।