हरदोई में एआई से आपत्तिजनक फोटो बनाकर छवि धूमिल करने का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला खाराकुआं पटियानीम निवासी रीना मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को शिकायती पत्र देकर अपने सौतेले पुत्र करन मिश्रा उर्फ शिवम समेत पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रीना मिश्रा ने बताया कि उनका विवाह वर्ष 2008 में देवेंद्र मिश्रा के साथ हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि करन मिश्रा उर्फ शिवम, मंजू तिवारी, सरोज शुक्ला, रामू शुक्ला और नारायण शुक्ला ने आपसी साजिश के तहत उनकी तथा शाहाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर की एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।
शिकायती पत्र में रीना मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि 2 अप्रैल 2026 को उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह अपनी पुत्री जानवी मिश्रा के साथ मायके में रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि विपक्षीगण संपत्ति विवाद के चलते उन्हें और उनकी पुत्री को परेशान कर रहे हैं तथा समाज में उनके बारे में भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं।
रीना मिश्रा ने शिकायत में यह भी कहा कि उनके नाम हरदोई और लखनऊ में मकान, प्लॉट अथवा किसी अन्य विवाह संबंधी जो दावे किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह असत्य हैं और उनकी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर उनके लिए पिता तुल्य हैं और उनके बारे में फैलाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा उनका उत्पीड़न रोकने की मांग की है।