गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, लालकुआँ-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 11 जून से

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, लालकुआँ-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 11 जून से

गोरखपुर, 5 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 05344/05343 लालकुआँ-वलसाड-लालकुआँ ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन 11 जून से 10 जुलाई 2026 तक कुल पांच फेरों के लिए चलाई जाएगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 05344 लालकुआँ-वलसाड साप्ताहिक विशेष ट्रेन 11 जून से 9 जुलाई तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को लालकुआँ से सुबह 9 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बरेली सिटी, बदायूँ, कासगंज, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत होते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजे वलसाड पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 05343 वलसाड-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन 12 जून से 10 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को वलसाड से दोपहर 3:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सूरत, छायापुरी, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, कासगंज, बदायूँ और बरेली सिटी सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन शाम 5:45 बजे लालकुआँ पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, छह शयनयान (स्लीपर) कोच, दो वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेगा।

रेल प्रशासन का मानना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान बड़ी राहत मिलेगी तथा नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा।