ग्राम चौपाल में पहुंचीं सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं और किया पौधारोपण

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को विकास खंड छजलैट की ग्राम पंचायत शाहपुर मुबारकपुर में आयोजित ग्राम चौपाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ?एक पेड़-मां के नाम? अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

ग्राम चौपाल में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण), सहायक विकास अधिकारी (कृषि), सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), पशुधन प्रसार अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, लेखपाल, जल निगम एवं नलकूप विभाग के अधिकारी, पंचायत सहायक, ग्राम सचिव तथा ग्राम प्रधान शशिबाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सीडीओ ने चौपाल के दौरान राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण, पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

चौपाल में एक ग्रामीण द्वारा राशन कार्ड पुनः जोड़ने का अनुरोध किए जाने पर सीडीओ ने ग्राम सचिव को नियमानुसार कार्रवाई कर पात्र व्यक्ति का राशन कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर द्वारा समय पर राशन वितरण किया जा रहा है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को समय-समय पर वितरण प्रक्रिया का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ओडीएफ प्लस योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा गांव की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शेष पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।

ग्राम चौपाल में प्राप्त चार मांग आधारित शिकायतों के निस्तारण के लिए खंड विकास अधिकारी छजलैट को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, आंगनबाड़ी केंद्रों, ओपन जिम और खेल मैदान के बेहतर संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया।

सीडीओ ने उपस्थित ग्रामीणों को जनगणना-2027 के अंतर्गत 22 मई से 20 जून तक चल रही मकान गणना प्रक्रिया की जानकारी दी तथा सहयोग करने की अपील की। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

ग्राम चौपाल के दौरान सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों में जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी विकास कार्यों और जनहित योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।