साइक्लोथॉन के जरिए बच्चों ने दिया हरित भविष्य का संदेश, पर्यावरण संरक्षण के प्रति दिखाई जागरूकता

साइक्लोथॉन के जरिए बच्चों ने दिया हरित भविष्य का संदेश, पर्यावरण संरक्षण के प्रति दिखाई जागरूकता

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित साइक्लोथॉन (साइकिल रैली) ने पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन का सशक्त संदेश दिया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

साइक्लोथॉन रैली का शुभारंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम रोड संख्या-4 से हुआ। रैली रोड संख्या-2 से होते हुए पुनः स्पोर्ट्स स्टेडियम रोड संख्या-4 पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में बच्चों और युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने का संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और आमजन को साइकिल को एक स्वस्थ, किफायती, ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साइक्लोथॉन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि व्यक्तिगत स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

रैली में शामिल बच्चों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए हरित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, पर्यावरण सुरक्षा तथा ?मिशन लाइफ? के उद्देश्यों से जुड़े जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए। प्रतिभागियों को प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

साइक्लोथॉन में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। रंग-बिरंगे संदेशों और जोश से भरपूर इस आयोजन ने न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि युवाओं और बच्चों को सतत विकास तथा हरित परिवहन के महत्व से भी जोड़ने का कार्य किया।

इस आयोजन के माध्यम से इज्जतनगर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए समाज में हरित और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।