डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने परखी गोंदिया रेलखंड की सुरक्षा, स्टेशन से शेड तक किया गहन निरीक्षण

नागपुर मंडल के डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने किया गोंदिया रेलखंड का गहन निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेल सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से गोंदिया रेलखंड तक विशेष विंडो ट्रेलिंग सुरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग प्रणाली, ओवरहेड उपकरण (ओएचई), समपार फाटक तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।

निरीक्षण यात्रा के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसंपत्तियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से संरक्षा, अनुरक्षण एवं परिचालन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना आवश्यक है।

गोंदिया पहुंचने पर दीपक कुमार गुप्ता ने मेमू/डेमू शेड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेकों के रखरखाव, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, अनुरक्षण प्रक्रियाओं तथा कार्य दक्षता का मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता के अनुरक्षण कार्य तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने गोंदिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की स्थिति का भी आकलन किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, टिकटिंग सेवाएं, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय, सुरक्षा प्रबंध तथा स्टेशन विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी तथा रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नागपुर मंडल का यह निरीक्षण अभियान रेलवे की उस सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत सुरक्षा, गुणवत्ता और यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जा रहा है।