24 घंटे बाद भी सुचारू नही हो सकी बिजली, ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश

फिरोजाबाद। गुरुवार रात आई तेज आंधी-तूफान के चलते रजावली बिजलीघर से पोषित कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आंधी के कारण बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में अंधेरा छा गया, जो 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सका। चारो तरफ अंधेरा और हाहाकार मचा हुआ है।

बछगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न आने से लोगों को पेयजल समेत अन्य दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से उन्हें जनरेटर की सहायता से पानी भरना पड़ा।

इस संबंध में जब मोहम्मदाबाद के एसडीओ योगेश कुमार से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि रजावली के जेई अनिल कुमार द्वारा विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि वास्तविक स्थिति इससे अलग रही और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग मुख्यमंत्री की 24 घंटे बिजली आपूर्ति संबंधी घोषणाओं की धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आंधी से क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने का कार्य लगातार जारी है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

*रिपोर्ट फरमान बबलू*