अलीगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगी आग, फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सीएफओ मुकेश कुमार की बहादुरी और फायर सर्विस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

अलीगढ़ में मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा की तत्परता, साहस और सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को होने से बचा लिया। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के मसूदाबाद बस स्टैंड के सामने स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप पर पेट्रोल टैंकर से स्टोरेज टैंक में ईंधन उतारते समय अचानक चिंगारी उठने से आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना शाम 6:53 बजे सीसीआर कंट्रोल के माध्यम से अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी को मिली। सूचना मिलते ही सीएफओ मुकेश कुमार ने बिना एक पल गंवाए तत्काल फायर टेंडरों को मौके के लिए रवाना कर दिया। उनके निर्देश पर अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी से दो और पुलिस लाइन अलीगढ़ से एक फायर टेंडर तेजी से घटनास्थल पहुंचे।

मौके पर पहुंचकर फायर सर्विस टीम ने देखा कि पेट्रोल टैंकर से स्टोरेज टैंक में पेट्रोल उतारते समय आग भड़क गई थी। स्थिति उस समय बेहद खतरनाक हो गई जब पता चला कि पेट्रोल पंप परिसर में पेट्रोल से भरा एक और ट्रक भी खड़ा हुआ था। यदि आग उस ट्रक तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका थी।

लेकिन सीएफओ मुकेश कुमार के कुशल नेतृत्व और फायर कर्मियों की बहादुरी ने हालात को पूरी तरह बदल दिया। अग्निशमन टीम ने तेजी, धैर्य और साहस का परिचय देते हुए आग को फैलने से रोक दिया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। उनकी मुस्तैदी के चलते न केवल पेट्रोल पंप सुरक्षित बच गया, बल्कि आसपास का पूरा क्षेत्र भी एक बड़े हादसे से सुरक्षित रहा।

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा और स्थिति सामान्य होने के बाद फायर यूनिटों को वापस भेज दिया गया।

अलीगढ़ अग्निशमन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई और सीएफओ मुकेश कुमार के नेतृत्व की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते फायर सर्विस नहीं पहुंचती, तो हादसा भयावह रूप ले सकता था।