दिल्ली अग्निकांड के बाद अलीगढ़ में फायर विभाग का बड़ा अभियान

दिल्ली अग्निकांड के बाद अलीगढ़ में फायर विभाग का बड़ा अभियान

होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों का फायर ऑडिट, कमियां मिलने पर नोटिस की चेतावनी

अलीगढ़। दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जनहानि के मद्देनजर अलीगढ़ अग्निशमन विभाग ने मंगलवार को जिले भर में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर होटल भवनों के लिए लागू स्कीम नंबर-05 के तहत विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, क्लब और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान भवनों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही कर्मचारियों, प्रबंधकों और वहां मौजूद लोगों को आग से बचाव, आपातकालीन निकासी और अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न प्रतिष्ठानों में मॉक ड्रिल और इवैक्यूएशन ड्रिल का भी आयोजन किया गया।

अग्निशमन विभाग ने भवन संचालकों को पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षित निकास मार्ग और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के उपायों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा मानक अधूरे पाए जाएंगे, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए जाएंगे। मानकों का पालन नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

होटल संचालकों को दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

अभियान के दौरान होटल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इनमें भवन में दो सीढ़ियों की व्यवस्था, निकास मार्ग पर स्पष्ट रूप से "EXIT" का संकेत, बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग अथवा स्टोरेज के लिए करना, आग लगने पर लिफ्ट का उपयोग न करना तथा कमरों में धूम्रपान से बचने जैसे निर्देश शामिल हैं।

इसके अलावा होटलों में फायर सेफ्टी ऑफिसर नियुक्त करने और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। विभाग ने लोगों को आपात स्थिति में तत्काल 112 या 101 नंबर पर सूचना देने की सलाह दी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनहानि रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से सभी सुरक्षा उपायों को स्थापित एवं कार्यशील बनाए रखने की अपील की। अभियान के दौरान नजदीकी अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबरों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।