मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, फायर कर्मियों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, फायर कर्मियों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के निर्देशों के तहत जनपद मुरादाबाद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों पर मंगलवार को साप्ताहिक मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की क्रियाशीलता जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान फायर कर्मियों को अग्निशमन और रेस्क्यू कार्यों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा लखनऊ के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को प्रदेश के सभी अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध वाहनों एवं उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच, साफ-सफाई तथा कर्मचारियों की शारीरिक एवं विभागीय दक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित ड्रिल आयोजित की जाती है।इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा अग्निशमन केंद्र मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी में साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन कराया गया।ड्रिल के दौरान सभी अग्निशमन कर्मियों को फाल-इन कराकर उपलब्ध उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता, उपयोग विधि तथा संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्य के दौरान टेंडर पर लगे उपकरणों का प्रयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।अभियान के तहत सभी उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी कार्यक्षमता जांची गई और वाहनों एवं उपकरणों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपयोग के लिए तैयार रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल से फायर कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ती है और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।