रात्रिकालीन पेट्रोलिंग से बिजली चोरी पर शिकंजा, ऊर्जा बचत को लेकर रामपुर में सक्रिय हुई विद्युत टीम

मुरादाबाद मंडल के मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया के निर्देश पर सोमवार को रामपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग की टीम द्वारा रात्रिकालीन पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिजली की अनावश्यक खपत को कम करना तथा बिजली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
अभियान के दौरान विद्युत टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करते हुए बिजली लाइनों, कनेक्शनों एवं विद्युत उपकरणों की गहन जांच की। टीम ने उपभोक्ताओं को बिजली का सही एवं सीमित उपयोग करने के लिए जागरूक भी किया। साथ ही अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है और विभाग द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए लगातार निगरानी एवं विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रात्रिकालीन पेट्रोलिंग से न केवल विद्युत चोरी पर नियंत्रण लगेगा बल्कि अनावश्यक बिजली खपत में भी कमी आएगी, जिससे विद्युत व्यवस्था अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।