“टिकट है तो सफर है... वरना सीनियर डीसीएम उचित सिंघल की टीम तैयार है!”

टिकट बिना चले तो समझो जम्मू मंडल की नजर से बचना मुश्किल!

वैध यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जम्मू मंडल की बड़ी कार्रवाई, 1061 बेटिकट यात्रियों से वसूला गया 5.13 लाख रुपये जुर्माना

जम्मू, उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल इन दिनों यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार सख्त और प्रभावी कदम उठा रहा है। वैध टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से जम्मू मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसने रेलवे प्रशासन की सक्रियता और प्रतिबद्धता को साफ तौर पर दर्शाया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस सघन अभियान के दौरान रेलवे चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर औचक निरीक्षण किए। अभियान के दौरान कुल 1,061 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए इनसे किराये और जुर्माने के रूप में कुल 5.13 लाख रुपये की राशि वसूली गई।

पहले दिन से ही दिखी सख्ती

22 मई को अभियान के पहले दिन जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और लंबी दूरी की ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। टिकट जांच टीमों ने ट्रेनों के कोच-कोच जाकर यात्रियों के टिकटों की जांच की। इस दौरान 471 मामलों में कार्रवाई की गई। रेलवे की इस सक्रियता से वैध यात्रियों में संतोष और भरोसा देखने को मिला।

दूसरे दिन और तेज हुई कार्रवाई

पहले दिन की सफलता के बाद 23 मई को अभियान को और अधिक व्यापक रूप दिया गया। टिकट चेकिंग स्टाफ ने अधिक मुस्तैदी और सक्रियता के साथ अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 590 बेटिकट और अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए। यह आंकड़ा साफ दर्शाता है कि रेलवे प्रशासन नियमों के पालन को लेकर कितना गंभीर है।

वैध यात्रियों के अधिकारों की रक्षा प्राथमिकता

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि ईमानदारी से टिकट लेकर यात्रा करने वाले सम्मानित यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल देना है। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करने वाले लोग न केवल रेलवे को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि आरक्षित सीटों पर अनधिकृत कब्जा कर वैध यात्रियों को असुविधा भी पहुंचाते हैं।

उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री नियमों का पालन करें और हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि रेल यात्रा सभी के लिए सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बन सके।

रेलवे प्रशासन की इस सख्त लेकिन सकारात्मक पहल को यात्रियों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। जम्मू मंडल का यह अभियान यह संदेश देने में सफल रहा कि अब रेलवे में नियमों की अनदेखी करना आसान नहीं होगा।