रोजगार मेले में युवाओं को मिली नई उड़ान, प्रधानमंत्री मोदी ने 51 हजार युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

जयपुर। केंद्र सरकार के रोजगार सृजन अभियान के तहत आयोजित 19वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशभर के 51 हजार से अधिक नवचयनित युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित इस रोजगार मेले में रेलवे, इसरो, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नियुक्तियां दी गईं। खास बात यह रही कि कुल नियुक्तियों में 50 प्रतिशत से अधिक पद भारतीय रेलवे में प्रदान किए गए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने नव नियुक्त युवाओं से ?नागरिक देवो भव? की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा तथा तकनीकी क्षेत्रों में बढ़ते निवेश से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।उन्होंने देश में बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम की सराहना करते हुए बताया कि भारत में 23.30 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप कार्यरत हैं और छोटे शहरों में भी नवाचार तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित करने और iGOT कर्मयोगी जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की सलाह दी।उत्तर पश्चिम रेलवे के तत्वावधान में राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। जयपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव उपस्थित रहे। यहां 420 युवाओं को व्यक्तिगत एवं वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे में वर्तमान में 1.60 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा वार्षिक भर्ती कैलेंडर के अनुसार वर्ष में चार बार विभिन्न पदों के लिए अधिसूचनाएं जारी की जाती हैं।उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंगल रजिस्ट्रेशन, एसएमएस एवं ई-मेल अलर्ट, सीबीटी आधारित परीक्षा और आंसर-की जारी करने जैसी व्यवस्थाओं से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनी है।राजस्थान में रेलवे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रदेश में स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइन, दोहरीकरण तथा गेज परिवर्तन जैसी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद आने वाले समय में लगभग 200 नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने युवाओं को ?राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम? का मंत्र देते हुए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी नव नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज नियुक्त होने वाले युवा विकसित भारत के साक्षी भी बनेंगे और उसके निर्माण में भागीदार भी।उन्होंने युवाओं से कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवा करने का आह्वान करते हुए कहा कि नियुक्ति को केवल नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का अवसर मानना चाहिए। भूपेंद्र यादव ने राजस्थान में तेजी से हो रहे रेल विकास कार्यों के लिए रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा और विधायक गोपाल शर्मा ने भी युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।