भीषण गर्मी से राहत: खेरागढ़ बाजार व सब्जी मंडी में लगाए गई ग्रीन नेट

खेरागढ़। भीषण गर्मी और तेज धूप से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत खेरागढ़ द्वारा बाजार क्षेत्रों में ग्रीन नेट लगवाने का कार्य कराया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग के निर्देशन में जिला परिषद मार्केट एवं सब्जी मंडी क्षेत्र में बड़े स्तर पर ग्रीन नेट लगाए गए, जिससे बाजार आने वाले लोगों, दुकानदारों और ग्राहकों को चिलचिलाती धूप से राहत मिल सके।

इन दिनों पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से सब्जी मंडी में रोजाना खरीदारी करने आने वाले लोगों और व्यापारियों को तेज धूप में काफी दिक्कत हो रही थी। नगर पंचायत की इस पहल के बाद अब बाजार क्षेत्र में लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है।

स्थानीय व्यापारियों ने नगर पंचायत की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ग्रीन नेट लगने से बाजार का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक आरामदायक हो गया है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ेगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग गुड्डू ने बताया कि नगरवासियों की सुविधा और जनहित नगर पंचायत की प्राथमिकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए यह कार्य कराया गया है तथा आगे भी जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।