प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे की ZRUCC बैठक सम्पन्न, महेश गर्ग ने उठाए जनहित से जुड़े रेल मुद्दे

आगरा। प्रयागराज स्थित होटल कान्हा श्याम में उत्तर मध्य रेलवे की 10वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेडआरयूसीसी सदस्य महेश गर्ग ने आमजन एवं रेल यात्रियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान महेश गर्ग ने आगरा?खेरागढ़?तांतपुर वाया बयाना नई रेल लाइन परियोजना का विषय रखते हुए इसकी प्रगति की जानकारी मांगी। इस पर रेलवे के डीजीएम ने बताया कि परियोजना की सर्वे रिपोर्ट एवं डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है तथा कार्यवाही प्रगति पर है।

इसके अलावा उन्होंने धौलपुर परियोजना के अंतर्गत नैरोगेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तित की जा रही रेल लाइन पर स्थित आंगई हाल्ट को रेलवे स्टेशन का दर्जा दिए जाने की मांग की। साथ ही बंद पड़ी अछनेरा?ऋषिकेश ट्रेन को पुनः संचालित करने, जाजऊ रेलवे स्टेशन से हाईवे मार्ग तक संकेतक बोर्ड लगाए जाने तथा रूपबास रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित शौचालय को शीघ्र चालू कराने का मुद्दा भी उठाया।

महेश गर्ग ने प्रयागराज जंक्शन एवं प्रयाग रेलवे स्टेशन के एक जैसे नाम होने से यात्रियों को होने वाली असुविधा का उल्लेख करते हुए प्रयाग स्टेशन का नाम परिवर्तित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने आगरा छावनी एवं टुंडला जंक्शन के प्रवेश मार्गों पर ऑटो चालकों के अतिक्रमण की समस्या उठाते हुए वहां एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की अनुमति देने की बात भी कही।

इसके अतिरिक्त दिल्ली से धौलपुर जाने वाली ट्रेन को जाजऊ रेलवे स्टेशन से धौलपुर तक पहुंचने में लगने वाले अधिक समय को कम करने सहित कई जनहित से जुड़े रेलवे विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी एवं भिंड लोकसभा सांसद संध्या राय ने की। इस अवसर पर राठ विधायक मनीषा अनुरागी, रेलवे महाप्रबंधक, डीजीएम रेलवे, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, आरपीएफ, जीआरपी अधिकारी एवं जेडआरयूसीसी सदस्य उपस्थित रहे।