असम व पश्चिम बंगाल में अमृत भारत एक्सप्रेस की शानदार सफलता, यात्रियों से मिल रही भरपूर सराहना

मालीगांव। असम एवं पश्चिम बंगाल में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) द्वारा संचालित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों ने अपनी शुरुआत के बाद से ही यात्रियों के बीच खास लोकप्रियता हासिल कर ली है। आधुनिक सुविधाओं और किफायती किराए वाली इन ट्रेनों को देशभर के यात्रियों से असाधारण सराहना एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेनों की प्रभावशाली ऑक्यूपेंसी और आय के आंकड़े इसकी बढ़ती मांग और विश्वसनीयता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, अलीपुरद्वार जंक्शन और न्यू जलपाईगुड़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों को देश के विभिन्न बड़े शहरों से जोड़ने वाली इन सेवाओं ने जनवरी 2026 में शुरुआत के बाद से लगातार उच्च ऑक्यूपेंसी दर्ज की है। कई फेरों में ट्रेनें 100 प्रतिशत से अधिक भराव के साथ चलीं, जो यात्रियों के बीच इन ट्रेनों की मजबूत मांग को दर्शाता है।

वर्तमान में एनएफआर के क्षेत्राधिकार में असम एवं पश्चिम बंगाल से कुल 07 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से?

कामाख्या-रोहतक (15671/15672), डिब्रूगढ़-गोमती नगर (15949/15950), अलीपुरद्वार जंक्शन-एसएमवीटी बेंगलुरु (16597/16598), अलीपुरद्वार जंक्शन-पनवेल (11031/11032), कामाख्या-चर्लपल्ली (15673/15674), न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुच्चिरापल्ली (20609/20610) और न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोविल (20603/20604) शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार इन सभी सेवाओं को यात्रियों का अत्यंत उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है, जिससे पूर्वोत्तर और देश के अन्य क्षेत्रों के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है।

एनएफआर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कामाख्या-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस में यूटिलाइजेशन 136 प्रतिशत तक पहुंच गया। वहीं डिब्रूगढ़-गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस ने कई फेरों में 140 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की, जो यात्रियों के भरोसे और बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।

रेलवे ने बताया कि इस अवधि में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के माध्यम से 1.78 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की और इन सेवाओं से 23 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित हुई है।

अमृत भारत ट्रेनें सामान्य यात्रियों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन की गई हैं। इनमें आधुनिक इंटीरियर, बेहतर सुविधाएं, पर्याप्त सीटिंग व्यवस्था और किफायती किराया यात्रियों को अधिक आरामदायक अनुभव प्रदान कर रहा है। ये ट्रेनें केवल यात्रा सुविधा ही नहीं बढ़ा रहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन को बढ़ावा और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

एनएफआर ने स्पष्ट किया कि रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा सुरक्षित, कुशल और यात्री-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की यह सफलता भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी