जोधपुर को मिलेगा रेल विकास का बड़ा तोहफा, 22 मई को वंदे भारत 20 कोच की होगी, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस जैसलमेर तक बढ़ेगी

राजस्थान के रेल यात्रियों और पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है।रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 22 मई 2026 को जोधपुर में आयोजित एक समारोह में दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का शुभारम्भ करेंगे।

इस अवसर पर गाड़ी संख्या 26481/82 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में डिब्बों की संरचना में बदलाव करते हुए कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 की जाएगी। साथ ही गाड़ी संख्या 20485/86 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस को जैसलमेर तक विस्तारित करने का शुभारम्भ भी किया जाएगा। दोनों सेवाओं को माननीय मंत्रीगण हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं क्षेत्रीय मांग को देखते हुए लिया गया है, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी और सीटों की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

वंदे भारत को 8 से 20 कोच करने का निर्णय

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 25 सितंबर 2025 को प्रारम्भ हुई जोधपुर से जयपुर होकर दिल्ली कैंट तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय साबित हो रही है। इस ट्रेन के मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिल रहा है।

यह ट्रेन पर्यटन और रोजगार दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो रही है। जोधपुर के ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ मेड़ता में मीरा बाई मंदिर, मकराना का प्रसिद्ध मार्बल उद्योग, सांभर की नमक इंडस्ट्री, जयपुर के पर्यटन, शिक्षा एवं चिकित्सा केंद्र, अलवर के निकट सरिस्का अभयारण्य तथा पांडुपोल व भर्तहरि दर्शन के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी मानी जा रही है।

यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए अब इस ट्रेन के कोच 8 से बढ़ाकर 20 किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और आरक्षण में सुविधा मिलेगी।

साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का जैसलमेर तक विस्तार

रेलवे प्रशासन ने बताया कि स्वर्ण नगरी जैसलमेर राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र होने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। सोनार किला, पटवों की हवेली, बड़ा बाग और थार के रेगिस्तान की अद्भुत छटा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है।

साबरमती से जोधपुर तक चलने वाली एक्सप्रेस को जैसलमेर तक बढ़ाने से जैसलमेर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र में नए संपर्क स्थापित होंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटन आधारित रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

इसके अलावा जैसलमेर के निवासियों को जोधपुर और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों तक चिकित्सा एवं शिक्षा के लिए बेहतर रेल सुविधा प्राप्त होगी।

रेलवे प्रशासन ने इसे राजस्थान के रेल नेटवर्क और पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज और आधुनिक रेल सेवा उपलब्ध होगी।