महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर कोचिंग डिपो का किया निरीक्षण, सुरक्षा व अग्नि संरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर स्थित कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर यात्री सुरक्षा, अग्नि संरक्षा एवं कोच अनुरक्षण व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिट लाइन, पावर कारों की तकनीकी स्थिति तथा कोच मेंटेनेंस से जुड़े विभिन्न कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पावर कार इंजनों के ओवरड्यू शेड्यूल समय पर पूर्ण किए जाएं तथा सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा से संबंधित विद्युत परीक्षणों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही पावर पैनल से जुड़ी खराबियों की विस्तृत जांच कर उनकी पुनरावृत्ति रोकने पर भी विशेष जोर दिया।महाप्रबंधक ने कहा कि मल्टीमीटर, टोंग टेस्टर एवं थर्मल स्कैनर जैसे आवश्यक उपकरण हमेशा उपलब्ध रहें, जिससे लूज कनेक्शन, ओवर करंट एवं हॉट स्पॉट जैसी तकनीकी समस्याओं की समय रहते पहचान कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऑन बोर्ड स्टाफ को आवश्यक स्पेयर एवं उपभोग्य सामग्री, विशेषकर फ्यूज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिट लाइन से रेक निकासी से पूर्व रेक लॉकिंग सुनिश्चित करने तथा यार्ड एवं स्टेशन यार्ड में खड़ी रेकों की नियमित जांच करने को कहा। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रेनों के प्रस्थान से काफी पहले कोच खोले जाएं और रेक की प्री-कूलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में सभी रेकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।