गायघाट-भगड़ा पहुंचे नेता प्रतिपक्ष , बोले- गरीबों पर दमन बर्दाश्त नहीं। कोतवाल को हटाने की मांग

चंदौली। चकिया क्षेत्र के गायघाट-बागड़ा गांव में कथित खनन प्रकरण को लेकर आज विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा प्रकरण को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 9 मई को दर्ज एफआईआर पूरी तरह एक पक्षीय है। उनका कहना था कि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष और विधिसंगत कार्रवाई करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाते हुए ग्रामीणों का उत्पीड़न कर रही है। ग्रामीणों ने चंद्रप्रभा रेंज के रेंजर अखिलेश दुबे पर भी भ्रष्टाचार संबंधी आरोप लगाए।

मामले के कानूनी पहलुओं की जानकारी लेने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कथित तौर पर स्थानीय पुलिस द्वारा ग्रामीणों के उत्पीड़न को रोकने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

इस दौरान लाल बिहारी यादव ने कहा कि गरीब और आम लोगों पर किसी भी प्रकार की दमनकारी नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी द्वारा गैरकानूनी तरीके से लोगों को डराने-धमकाने का कार्य किया जा रहा है तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने संबंधित कोतवाल को तत्काल हटाने की मांग भी उठाई।

गांव में नेता प्रतिपक्ष के पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।