भीषण गर्मी में राहत की पहल: डोंगरगढ़ स्टेशन पर स्काउट-गाइड ने यात्रियों को बांटा शीतल पेयजल

भीषण गर्मी में राहत की पहल: डोंगरगढ़ स्टेशन पर स्काउट-गाइड ने यात्रियों को बांटा शीतल पेयजल

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। बी.पी. स्काउट ग्रुप एवं रानी लक्ष्मीबाई गाइड ग्रुप, डोंगरगढ़ द्वारा दिनांक 17 मई 2026 एवं 18 मई 2026 को स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए शीतल एवं स्वच्छ पेयजल सेवा का सराहनीय आयोजन किया गया।

भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच स्टेशन पर आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को स्काउट-गाइड सदस्यों ने ठंडा पेयजल उपलब्ध कराकर बड़ी राहत पहुंचाई। अचानक मिली इस सुविधा से यात्रियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस मानवीय सेवा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने पूरे अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। स्टेशन परिसर में इस सेवा अभियान के चलते सहयोग, संवेदना और जनहित का प्रेरणादायक माहौल बना रहा।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी आर. छोरिया ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल यात्रियों को गर्मी से राहत प्रदान करते हैं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का संदेश भी मजबूती से देते हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परिवार ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा जताई है।