बैकुंठपुर ग्रामीण ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जमगहना पेट्रोल पम्प में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बैकुंठपुर। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों एवं आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में बैकुंठपुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में रविवार 17 मई 2026 को जमगहना पेट्रोल पम्प में धरना-प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता को रोजमर्रा की जरूरतों, रसोई गैस और ईंधन की कीमतों का भारी बोझ उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार महंगाई बढ़ी है, जिससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से लोगों का रोजगार और घरेलू बजट दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, विकास श्रीवास्तव, विजय सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।