प्रवर्तन दल की बड़ी कार्रवाई: मुरादाबाद में दो स्थानों पर 5-5 किलोवाट से अधिक विद्युत चोरी का खुलासा, अभियोग दर्ज की प्रक्रिया शुरू

मुरादाबाद। 14 एवं 15 मई को प्रवर्तन दल प्रथम मुरादाबाद द्वारा विद्युत चोरी रोकथाम के तहत चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में दो अलग-अलग स्थानों पर विद्युत चोरी के गंभीर मामले पकड़े गए। टीम की इस कार्रवाई से अवैध विद्युत उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।

पहले मामले में मियाँ कॉलोनी, करूला मार्ग (थाना कटघर) क्षेत्र में एक घरेलू परिसर की जांच के दौरान लगभग 5.096 किलोवाट का अवैध विद्युत भार पाया गया। जांच में सामने आया कि परिसर के पास से गुजर रही एवीसी लाइन में कट लगाकर सीधे अवैध रूप से विद्युत आपूर्ति ली जा रही थी। मौके पर चेकिंग रिपोर्ट तैयार कर संबंधित थाना एंटी पावर थेफ्ट में अभियोग दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरे मामले में गुइनबाग मकबरा रोड (थाना गलशहीद) क्षेत्र में की गई चेकिंग के दौरान लगभग 5.008 किलोवाट का अवैध विद्युत भार पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दुकान के पास लगी स्ट्रीट लाइट की सप्लाई से सिंगल कोर तारों के माध्यम से अवैध रूप से विद्युत चोरी की जा रही थी। इस मामले में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर संबंधित थाने में दी गई है।

प्रवर्तन दल की इस कार्रवाई को विद्युत विभाग ने विद्युत चोरी रोकथाम अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है, जिससे क्षेत्र में अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है।