मदर डे पर भावुक हुआ माहौल, नन्हे बच्चों ने माताओं का किया सम्मान।

सिटी अपडेट न्यूज़,आगरा। न्यू सेंट स्टीफन स्कूल यूनिट 3 में शनिवार को मदर डे का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं को मदर डे की शुभकामनाएं देकर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्तियों और प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यालय परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। बच्चों ने कविता, गीत, नृत्य और संदेशों के माध्यम से मां के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है और ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन इरम खान ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अमरदीप वर्मा, निदेशिका अंकिता गोस्वामी, प्रधानाचार्य दिनेश श्रीवास्तव, अंशु कुशवाह, भावना कुशवाहा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। संवाद