जम्मू मंडल की बड़ी पहल: गर्मियों से पहले यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था मजबूत

जम्मू मंडल की बड़ी पहल: गर्मियों से पहले यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था मजबूत

चार प्रमुख स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन संचालन का ठेका आवंटित

जम्मू। गर्मी के मौसम की शुरुआत से पहले यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल द्वारा आयोजित ई-नीलामी के माध्यम से चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीनों के संचालन का ठेका सफलतापूर्वक आवंटित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 07 मई को आयोजित ई-नीलामी के तहत जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और कठुआ स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन (Water Vending Machine) संचालन का अनुबंध दिया गया है। इससे आने वाले दिनों में यात्रियों को स्टेशन परिसर में शुद्ध आरओ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अनुबंध के अंतर्गत वार्षिक लाइसेंस शुल्क 8,00,190 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अगले पांच वर्षों के लिए इस पूरे अनुबंध का कुल मूल्य 47,21,121 रुपये रहेगा। इस व्यवस्था से जहां यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी, वहीं रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

इस पहल से यात्रियों को कई लाभ मिलेंगे। स्टेशन पर यात्रियों को बाजार में मिलने वाली बोतलबंद पानी की तुलना में कम कीमत पर शुद्ध आरओ पानी उपलब्ध होगा। साथ ही यात्री अपनी बोतलों को दोबारा भर सकेंगे, जिससे सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी। गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने के कारण ये मशीनें यात्रियों को लगातार और निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि रेलवे का प्राथमिक उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना है। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान पानी की मांग बढ़ जाती है, इसे ध्यान में रखते हुए समय रहते मशीनों के संचालन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ई-नीलामी प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करती है और यह कदम यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सुविधा प्रदान करेगा। भविष्य में भी यात्री-केंद्रित सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।

यह जानकारी राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल द्वारा जारी की गई।