हरदोई में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, नीम के पेड़ से लटके मिले शव, दोनों पारिवारिक करीबी थे

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के बबुराई गांव के पास एक युवक और युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि परिजन शादी के विरोध में थे, जिसके चलते दोनों ने यह कदम उठाया। दोनों एक ही गांव के रहने वाले और आपस में पारिवारिक रूप से परिचित बताए जा रहे हैं।
मंगलवार सुबह थाना शाहाबाद पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बबुराई के निकट गन्ने के खेत में एक युवक और युवती के शव नीम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटके हुए हैं। मृतकों की पहचान रवि कुशवाहा पुत्र राजबहादुर निवासी मोहल्ला जोगीपुर नौसारा थाना शाहाबाद और काजल कुशवाहा पुत्री सुरेन्द्र निवासी उसी क्षेत्र के रूप में हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और दोनों के बीच पहले से परिचय व बातचीत थी। घटनास्थल पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका के चाचा द्वारा पहले युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।