रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) ने एनएफआर में चल रही परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास की समीक्षा की

मालीगांव। रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) विवेक कुमार गुप्ता ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) का दौरा कर ज़ोन में चल रही विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया। इस क्रम में मालीगांव में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, समय-सीमा और कार्य निष्पादन में तेजी लाने पर चर्चा की गई।

बैठक में एनएफआर के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव, एनएफआर (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने के लिए प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

रेलवे बोर्ड सदस्य विवेक कुमार गुप्ता अपने दौरे के दौरान 2 मई 2026 को कामाख्या से डिमापुर तक व्यापक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करेंगे। इस निरीक्षण के दौरान वे मार्ग पर पटरियों की स्थिति, संरक्षा उपायों और उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति का निरीक्षण करेंगे। डिमापुर पहुंचने के बाद वे डिमापुर-कोहिमा नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति के साथ-साथ नागालैंड में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।

बैठक के दौरान इस क्षेत्र में चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की परिचालन स्थिति और प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इनमें जरिबाम-इंफाल, सेवक-रंगपो तथा मुरक गसेलेक-पासीघाट जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल रहीं। अधिकारियों को इन परियोजनाओं के कार्य निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

एनएफआर द्वारा हाल के वर्षों में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। मिज़ोरम की राजधानी को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ना एक बड़ी उपलब्धि रही है। बइरबी-सायरंग रेल परियोजना इसका प्रमुख उदाहरण है, जिसका उद्घाटन पिछले वर्ष सितंबर में प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था।

इसके अलावा मॉलवॉम और मेंदीपथार स्टेशनों से माल परिवहन सेवाएं शुरू होना भी एनएफआर की प्रगति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स में सुधार हुआ है, कनेक्टिविटी बढ़ी है और आर्थिक विकास को गति मिली है।

एनएफआर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, ताकि परिवहन सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिल सके।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी