जम्‍मू से श्रीनगर वंदे भारत को रेल मंत्री ने दिखाई झंडी, पूरा हुआ एक सपना

जम्?मू से श्रीनगर वंदे भारत को रेल मंत्री ने दिखाई झंडी, पूरा हुआ एक सपना

जम्मू से श्रीनगर तक पहली वंदे भारत रवाना, 8 से बढ़कर 20 कोच हुई ट्रेन

जम्मू। जम्मू-कश्मीर को बड़ी रेल सौगात मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए विस्तारित वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा के लिए मेंटेनेंस सबसे बड़ा फोकस है। साथ ही अब जम्मू से श्रीनगर रेल कॉरिडोर की क्षमता बढ़ाने पर काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि काज़ीगुंड से अरिनागर लाइन के दोहरीकरण से अधिक ट्रेनें चलाने में सुविधा होगी।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कटरा-श्रीनगर वंदे भारत को यात्रियों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और ट्रेन लगातार 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ चल रही है। अब तक करीब साढ़े पांच लाख यात्री सफर कर चुके हैं। ट्रेन में डोगरी और कश्मीरी भोजन भी परोसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह वंदे भारत माइनस 10 डिग्री तापमान में भी चल सकती है और इसमें विशेष तकनीक लगाई गई है ताकि पानी जम न सके।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज जम्मू और श्रीनगर रेल से जुड़ गए हैं, यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि 8 कोच वाली ट्रेन को 20 कोच में बदला गया है, जिससे अब करीब 1400 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से अब सीमेंट, कारें और कश्मीर का फल देश के अन्य राज्यों तक आसानी से भेजा जा रहा है।

वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से लंबित कश्मीर रेल संपर्क को पूरा कर देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

बताया गया कि पहले यह ट्रेन श्रीनगर से कटरा तक चलती थी, लेकिन अब इसे जम्मू तवी तक बढ़ा दिया गया है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसके कोच 8 से बढ़ाकर 20 कर दिए गए हैं, जिससे आरक्षण और वेटिंग की समस्या में भी राहत मिलेगी।