मुरादाबाद। स्मार्ट मीटर रिचार्ज बढ़ाने को बिजली विभाग ने 3446 घरों में किया संपर्क...

मुरादाबाद। जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा एक सप्ताह तक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उन उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर संपर्क किया गया, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर तो लगाए जा चुके थे, लेकिन वे मीटर में रिचार्ज नहीं करवा रहे थे।

विद्युत विभाग की टीम ने अभियान के तहत कुल 3446 घरों में पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी दी। इस दौरान 1519 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करवा लिया। वहीं 668 घरों में ताला लगा हुआ पाया गया।

इसके अलावा विभाग को 939 ऐसे उपभोक्ता मिले जो फिलहाल किसी कारणवश रिचार्ज नहीं करवा पा रहे हैं। अभियान के दौरान 183 उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट कराए गए। साथ ही 500 उपभोक्ताओं के मोबाइल में स्मार्ट मीटर एप्लीकेशन इंस्टॉल कराकर उन्हें इसके उपयोग की जानकारी भी दी गई।

विद्युत विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया समझाना और समय पर रिचार्ज कराने के लिए प्रेरित करना है, ताकि बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न�हो।