अखिलेश यादव के दौरे से पहले शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड में कार्रवाई, मल्लावां थानाध्यक्ष निलंबित, लापरवाही बरतने का है आरोप

हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में हुए शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, शिल्पी कुशवाहा पुत्री रामरहीश कुशवाहा की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति शिथिलता न बरते, अन्यथा कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना 13 अप्रैल की है, जब शिल्पी कुशवाहा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। आरोपी ऋषभ द्विवेदी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में आरोपी के पिता को भी हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
हत्याकांड के बाद यह तथ्य सामने आया कि पीड़िता ने वर्ष 2025 में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि समय रहते पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, जिससे यह घटना घटित हुई।
मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। विभिन्न दलों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। इसी बीच अखिलेश यादव के 30 अप्रैल को हरदोई दौरे और पीड़ित परिवार से मुलाकात के प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।