पुणे में मुंबई-सोलापुर वंदे भारत का कोच पटरी से उतरा, सतर्कता से टला बड़ा हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

महाराष्ट्र।मुंबई से सोलापुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22225) सोमवार शाम पुणे रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले एक तकनीकी कारण से हल्का डिरेलमेंट का शिकार हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन की गति कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना शाम लगभग 7:30 बजे उस समय हुई जब ट्रेन पुणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्षेत्र में प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच का एक पहिया डायमंड क्रॉसिंग पर पटरी से उतर गया। घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नजदीकी प्लेटफॉर्म पर उतारकर आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया। रेलवे ने प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित डायमंड क्रॉसिंग को बदलने और अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि पुणे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य चल रहा है और इसी के अंतर्गत इस क्रॉसिंग का पहले से ही उन्नयन प्रस्तावित था। घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे टीमों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

रेलवे ने इस घटना की जांच के आदेश भी जारी किए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

रेलवे की तत्परता, सतर्कता और तेज कार्रवाई के चलते यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।