हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, बोले- मारपीट कर वाहन चढ़ाने से हुई मौत

हरदोई। जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर एक सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथमदृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान बिलग्राम थाना क्षेत्र के नाऊपुरवा निवासी संतोष (35) के रूप में हुई है। वह गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य से जुड़ी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, संतोष गुरुवार रात रोजाना की तरह दुर्गागंज प्लांट पर ड्यूटी के लिए गए थे। वहां से उन्हें हरपालपुर थाना क्षेत्र के नादखेड़ा गांव के पास एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी मशीनों की सुरक्षा के लिए भेजा गया था। शुक्रवार सुबह उनका शव सर्विस लेन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
मृतक के पिता योगेंद्र ने आरोप लगाया कि संतोष के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में वाहन चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी गई। उनका कहना है कि घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर खून के निशान मिले हैं, जिससे यह सामान्य दुर्घटना नहीं लगती।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरपालपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह पंकज ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। संतोष के परिवार में पत्नी ईश्वरवती, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।