सड़क की दुर्दशा पर गरजे किसान जल्द मरम्मत की उठाई मांग

चंदौली जनपद के परमंदापुर गांव में किसान विकास मंच द्वारा आयोजित किसान गोष्ठी में बेन-धरौली मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर किसानों ने तीखा आक्रोश जताया। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से सड़क गड्ढों में तब्दील है, जिससे आम लोगों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली के खंभे हटाने की प्रक्रिया लंबित है, जिससे कार्य में देरी हो रही है। हालांकि, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराई जानी चाहिए।

संगठन सलाहकार चंद्रसुधीर सिंह ने कहा कि चार वर्षों से लोग खराब सड़क पर चलने को मजबूर हैं। विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण में एक वर्ष का समय लगने की बात कही जा रही है, ऐसे में अंतरिम समाधान के तौर पर गड्ढों को भरना जरूरी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

गोकुल पांडेय ने सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क के वादे पर सवाल उठाए, जबकि संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा। कार्यक्रम में कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।