कोलकाता-जम्मू एक्सप्रेस में बढ़ी सुविधा, 25 अप्रैल से 2 जुलाई तक लगेगा अतिरिक्त स्लीपर कोच

जम्मू। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे ने ट्रेन संख्या 13151/13152 (कोलकाता-जम्मू तवी-कोलकाता एक्सप्रेस) में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का फैसला किया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह सुविधा 25 अप्रैल से 02 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। अतिरिक्त कोच के जुड़ने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से प्रतीक्षा सूची में चल रहे टिकटों के कंफर्म होने की संभावना बढ़ जाएगी।

वेटिंग यात्रियों को मिलेगा फायदा

उत्तर रेलवे ने बताया कि अतिरिक्त स्लीपर कोच लगने से ट्रेन में मौजूदा कोचों पर भीड़ का दबाव कम होगा, जिससे यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनेगी। साथ ही रोजाना 72 से 80 यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना रहेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने दी जानकारी

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। रेलवे लगातार वेटिंग लिस्ट की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कदम उठाए जाएंगे।

यात्रियों को सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी बर्थ की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से जांच सकते हैं।

उत्तर रेलवे के इस फैसले से ग्रीष्मकाल में जम्मू की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।