नागपुर मंडल में संरक्षा के सजग प्रहरियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

नागपुर मंडल में संरक्षा के सजग प्रहरियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

संरक्षा बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मिला पुरस्कार

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में उत्कृष्ट संरक्षा कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा हर माह आयोजित संरक्षा बैठक में सम्मानित किया जाता है।

इसी कड़ी में 21 अप्रैल को आयोजित संरक्षा बैठक में नागपुर मंडल के दो कर्मचारियों को उनके सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी चेमस साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/मोतिबाग सुनील कुमार, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी रणजीत कुमार, सहायक परिचालन प्रबंधक बलवंत कुमार बन्नाईत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इन कर्मचारियों को मिला सम्मान

1.लालन यादव (पॉइंट्समैन-ए/बिरसोला)

दिनांक 28 फरवरी 2026 को गेट संख्या GJ-13 पर ड्यूटी के दौरान उन्होंने ट्रेन के एक वैगन (CR17296) के धुरे से असामान्य गर्मी और धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को बिरसोला स्टेशन पर रोककर जांच कराई गई। जांच में वैगन असुरक्षित पाया गया और उसे तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया। उनकी सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई।

2.अमर दयाल राम (वरिष्ठ अनुभाग अभियंता/डेमू शेड/गोंदिया)

उन्होंने लंबे समय से खराब पड़ी सीसीटीवी प्रणाली के परीक्षण और गुणवत्ता सुधार के लिए एक टेस्ट बेंच का सफल निर्माण किया। इस नवाचार से 1400 एचपी डेमू एवं 3-फेज मेमू रेक्स के निरीक्षण और ट्रबलशूटिंग कार्य अधिक प्रभावी ढंग से हो सके, जिससे रेक्स की उपलब्धता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने दोनों कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सजगता, नवाचार और कर्तव्यनिष्ठा ही सुरक्षित रेल परिचालन की आधारशिला है। उन्होंने अन्य कर्मचारियों से भी प्रेरणा लेकर संरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने का आह्वान किया।