हरदोई में उचित दर दुकान निरस्तीकरण पर उठे सवाल, कोटेदार व कार्डधारकों ने डीएम से निष्पक्ष जांच की लगाई गुहार, बोले- SDM ने बिना जांच कराए की फर्जी कार्रवाई

हरदोई। जनपद के शाहाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हूंसेपुर करमाया में उचित दर दुकान के निरस्तीकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कोटेदार मुईद अहमद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई को गलत बताते हुए किसी अन्य सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थी मुईद अहमद के अनुसार, उनकी उचित दर दुकान संख्या 20251710 का अनुबंध निरस्त कर दिया गया, जबकि आदेश में जिन व्यक्तियों के बयान दर्शाए गए हैं, उन्होंने कभी भी उनके खिलाफ शिकायत नहीं की। उन्होंने बताया कि जब संबंधित कार्डधारकों से इस संबंध में जानकारी ली गई, तो अधिकांश लोगों ने साफ इनकार कर दिया कि उन्होंने कोई बयान दिया है। इस संबंध में कई ग्रामीणों ने शपथपत्र भी प्रस्तुत किए हैं।
कोटेदार ने आरोप लगाया कि उपजिलाधिकारी अंकित तिवारी के स्तर से कार्रवाई में अनियमितता बरती गई। उनका कहना है कि जांच के दौरान उनसे दबाव बनाकर गलत तथ्य स्वीकार करने को कहा गया, और इंकार करने पर दुकान निरस्त कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके द्वारा 1 जनवरी 2026 को दिए गए स्पष्टीकरण का समुचित परीक्षण नहीं कराया गया।
इस मामले में दर्जनों कार्डधारकों रेशमा, बबली देवी, सुदामा, नासिर खान, लईक, आशमा और नाजिम सहित अन्य ग्रामीणों ने भी जिलाधिकारी को शपथपत्र देकर कार्रवाई को फर्जी बताते हुए निरस्तीकरण आदेश रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना जानकारी के उनके नाम से बयान दर्ज कर लिए गए।
कोटेदार मुईद अहमद ने करीब 20 शपथपत्रों के साथ शिकायत सौंपते हुए स्वयं को दोषमुक्त करने और मामले में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। अब पूरे मामले में जिलाधिकारी के निर्णय पर सभी की निगाहें टिकी हैं।