अंतरराष्ट्रीय परशुराम जन्मोत्सव 19 अप्रैल को पुष्कर में*

*सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु आनंद भालेराव मुख्य अतिथि*

पुष्कर।
अंतरराष्ट्रीय परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम 19 अप्रैल 2026 को पुष्कर स्थित शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ स्थल के गायत्री साधना केंद्र पंडाल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के कुलगुरु प्रोफेसर आनंद भालेराव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरसिंह मंदिर होली धड़ा अजमेर के महंत श्याम सुंदर शरण देवाचार्य करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महायज्ञ आयोजन समिति के संयोजक एवं विप्र फाउंडेशन संरक्षण सुशील ओझा उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम संयोजक सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन यज्ञ सम्राट महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के 31 सदस्यों को भगवा शॉल, मोतियों की माला और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित सदस्यों को विप्र गौरव, विप्र भूषण, विप्र शिरोमणि, विप्र रत्न और विप्र पद्म अलंकरणों से विभूषित किया जाएगा, जिसमें ब्राह्मण महिलाओं का भी समावेश रहेगा।

कार्यक्रम दोपहर 12.15 बजे प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम परशुराम मूर्ति के समक्ष अतिथिगण दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात अतिथियों का परिचय एवं सम्मान किया जाएगा। नरसिंह मंदिर के महंत श्याम सुंदर शरण देवाचार्य भगवान परशुराम के चरित्र पर उद्बोधन देंगे। तत्पश्चात सम्मानित ब्राह्मणों को मंच पर आमंत्रित कर प्रखर जी महाराज के सानिध्य में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में देश विदेश से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि, साधु संत, राजनीतिज्ञ, साहित्यकार, कलाकार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त व्यक्ति भाग लेंगे। जन्मोत्सव कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चलेगा, जिसके उपरांत पूर्ण आहुति का आयोजन किया जाएगा।