हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक में लगी आग से युवक की जलकर मौत, दो घायल

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के भूरा टीकुर के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जलकर मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना व गांव हरियावां निवासी प्रतिपाल उर्फ गुड्डू के परिवार के सदस्य अमित कश्यप, उनका पुत्र शनि और पौत्र रचित (नाबालिग) बाइक से गांव से हरदोई की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे भूरा टीकुर के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई।
हादसे के दौरान तीनों सवार सड़क पर गिर गए। आशंका है कि गिरने से वे कुछ समय के लिए अचेत हो गए, जिससे चालक अमित कश्यप आग की चपेट में आ गए। आग तेजी से फैलने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शनि और नाबालिग रचित घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।