डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कानपुर परिक्षेत्र के विभिन्न स्थलों का किया व्यापक निरीक्षण

प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कानपुर परिक्षेत्र के अंतर्गत ओल्ड वॉशिंग लाइन, न्यू कोचिंग कॉम्पलेक्स, सीटा, जीएमसी तथा पनकी धाम स्टेशन का विस्तृत एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था एवं परिचालन कार्यों की गुणवत्ता का आकलन कर उन्हें और अधिक मजबूत बनाना रहा।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ओल्ड वॉशिंग लाइन एवं न्यू कोचिंग कॉम्पलेक्स में कोचों की धुलाई, रखरखाव, यांत्रिक कार्यों की गुणवत्ता और कार्यस्थल की स्वच्छता का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोचिंग परिसरों में निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक कोच उपलब्ध हो सकें।

सीटा एवं जीएमसी परिसरों के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संरक्षा मानकों, कार्य प्रणाली और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

पनकी धाम स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, टिकटिंग व्यवस्था और साफ-सफाई सहित यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर आकांक्षु गोविल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।