मुबारकपुर पिकार में धूमधाम से मनी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती, निकली भव्य रथ यात्रा

आलापुर (अम्बेडकर नगर) |14 अप्रैल कोडॉ. भीमराव अम्बेडकरकी 135वीं जयंती मुबारकपुर पिकार गांव में पूरे उत्साह, जोश और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बौद्ध भीम सेना के नेतृत्व में भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को "जय भीम" के नारों से गुंजायमान कर दिया।

माल्यार्पण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद डीजे की धुन पर ग्रामीण, महिलाएं और युवा जमकर झूमते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिक्षा और समानता पर दिया जोर

बौद्ध भीम सेना के अध्यक्ष ने अपने संबोधन में बाबा साहब के जीवन संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित करने और जागरूक बनने की अपील की।

गांव-गांव पहुंची रथ यात्रा

सजे-धजे रथ को गांव के हर गली-मोहल्ले में घुमाया गया। रथ यात्रा घर-घर पहुंची, जहां लोगों ने श्रद्धा के साथ बाबा साहब को नमन किया। इस दौरान महिलाओं और युवाओं की भारी भागीदारी रही और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

सिंघलपट्टी बाजार में हुआ समापन

रथ यात्रा का समापन सिंघलपट्टी बाजार स्थित कार्यक्रम स्थल पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर शत्रुघ्न, पंकज कुमार (पत्रकार), श्यामनारायन (संचालक), देवेंद्र कुमार, मारुति, जितेंद्र पिन्टू, विनोद, प्रशांत, गुलशन, कन्हैया, अजय कुमार, अंकित कुमार, राजेश, संतोष, राजकुमार, अर्जुन कुमार, धीरज और अखिलेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।