हरदोई में बंद भंडारण कक्ष में जहरीली गैस से दो की मौत, एक युवक गंभीर, गांव में शोक का माहौल

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गेहूं भंडारण कक्ष की सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से बीमार हो गया।
मृतकों की पहचान ग्राम प्रधान विद्यावती के पति सुरेंद्र (65) पुत्र सीताराम और गांव निवासी कैलाश (35) पुत्र देवीसाय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव में बने बंद गेहूं भंडारण कक्ष (बखारी) की सफाई के लिए पहले एक युवक अंदर उतरा। कुछ ही देर में वह जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गया।
उसे बचाने के लिए सुरेंद्र और कैलाश भी अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी गैस के प्रभाव से अचेत हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र और कैलाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बंद कक्ष में बनी जहरीली गैस को हादसे का कारण माना जा रहा है।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि सफाई के दौरान घुटन (सफोकेशन) के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।