अमृतपुर में स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान, दो प्रमुख सड़कों का नामकरण

राममुरारी शुक्ला

फर्रुखाबाद | संवाददाता

कस्बा अमृतपुर में मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में दो प्रमुख सड़कों का नामकरण किया गया। यह पहल क्षेत्र में गौरव और प्रेरणा का विषय बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेनानी पंडित राम रूप शर्मा एवं ठाकुर रघुराज सिंह के नाम पर इन सड़कों का नाम रखा गया है। इनमें एक सड़क बदायूं मार्ग स्थित बस अड्डे से जूनियर स्कूल होते हुए कस्बे तक जाती है, जबकि दूसरी सड़क बदायूं मार्ग से गैस एजेंसी के रास्ते अमृतपुर को जोड़ती है।कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस मौके पर उनके पौत्र ज्ञान प्रकाश, आशीष कुमार, मनोज सिंह सहित ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह चौहान, अवधेश सिंह राठौर ?भाई जी?, मनोज बाजपेई, आलोक बाजपेई, नीरज अवस्थी, अनुराग उर्फ़ सोनू अवस्थी, प्रशांत अवस्थी समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मार्ग नामकरण के उपलक्ष्य में शिलापट का अनावरण जिला पंचायत राज अधिकारी कपिल कुमार, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल एवं ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी तथा उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।