हरदोई में सिटी मोटर्स वर्कशॉप में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने पाया काबू

हरदोई। शहर के व्यस्त पिहानी चुंगी क्षेत्र में स्थित एक वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सिटी मोटर्स वर्कशॉप में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में काफी समय लगा, जिसके चलते आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रारंभिक अनुमान शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का लगाया जा रहा है।
इस घटना में वर्कशॉप के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है, जबकि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।