हरदोई में युवती की फावड़े से काटकर हत्या, एकतरफा प्रेम में पागल दबंग ने गले पर किया वार, हत्या के बाद मौके से हुआ फरार, क्षेत्र में सनसनी

हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एकतरफा प्रेम के चलते युवती की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़ी रसूलपुर निवासी राम रहीश कुशवाहा की पुत्री शिल्पी की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व नयागांव निवासी गोविंद के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवन में विवाद के चलते वह लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम शिल्पी घर से कूड़ा डालने के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे ऋषभ द्विवेदी ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया। आरोपी ने गर्दन पर वार किया, जिससे शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक शिल्पी से एकतरफा प्रेम करता था और शादी टूटने के बाद से उस पर लगातार दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि वह उसे परेशान और ब्लैकमेल भी करता था।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल शिवाकांत पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम, एसपी अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से बात कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।