एनएफआर ने मालीगांव में ‘जुबीन गर्ग रेलवे बिहुटोली’ का किया विकास, सांस्कृतिक आयोजनों को मिलेगा नया मंच

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने असम की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मालीगांव में बिहू एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक नया सांस्कृतिक स्थल विकसित किया है। इस नए स्थल का नाम प्रसिद्ध असमिया गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए 'जुबीन गर्ग रेलवे बिहुटोली' रखा गया है। रेलवे का यह कदम राज्यभर में जुबीन गर्ग के प्रति लोगों के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव और सम्मान को दर्शाता है।

रेलवे द्वारा विकसित इस बिहुटोली में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें स्थायी मंच, डाइनिंग हॉल, शौचालय परिसर, कम्युनिटी स्पेस, चारदीवारी और हर मौसम में उपयोग योग्य ग्राउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह नया विकसित स्थल अब बिहू जैसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।

एनएफआर ने बताया कि यह ग्राउंड 14 से 17 अप्रैल 2026 तक पांडु बिहू सम्मिलनी, मालीगांव द्वारा आयोजित वार्षिक रंगाली बिहू समारोह की मेजबानी के लिए पूरी तरह सज्ज है। इसी क्रम में हाल ही में इस बिहू पूर्व एक उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें पारंपरिक बिहू कार्यक्रमों के बीच पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक श्री चेतन कुमार श्रीवास्तव ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।

उद्घाटन कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में सांस्कृतिक प्रेमी उत्साह के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में जुबीन गर्ग की बहन पाल्मी बोरठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने इस सम्मान के लिए जुबीन गर्ग के परिवार की ओर से रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महान हस्तियों को सम्मानित करने का कार्य कर रहा है।'जुबीन गर्ग रेलवे बिहुटोली' का नामकरण जुबीन गर्ग की चिरस्थायी विरासत का प्रतीक माना जा रहा है, जिनका बिहू के जीवंत उत्सव और असम के लोगों के दिलों में विशेष स्थान है।

रेलवे का यह नया सांस्कृतिक स्थल आने वाले समय में असम की परंपरा, लोकसंस्कृति और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे