केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

बदायूं। बदायूं वासियों का वर्षों पुराना सपना सोमवार को साकार हो गया। दोपहर करीब 12 बजे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं रेलवे स्टेशन से दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से बदायूं का सीधा संपर्क देश की राजधानी दिल्ली से स्थापित हो गया है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि अब बदायूं से दिल्ली की दूरी कम हो गई है। बदायूं तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में जिले को लखनऊ व अन्य स्थानों के लिए भी नई ट्रेन सेवाएं मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बदायूं को बाईपास, गंगा एक्सप्रेसवे, समथुरा हाईवे और रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण सौगातें भी मिल चुकी हैं, जो जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगी।

कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक सहित अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ एसी कोच में बैठकर बरेली तक यात्रा कर ट्रेन सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।

इस ऐतिहासिक मौके का गवाह बनने के लिए रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में रेलवे अधिकारी, भाजपा नेता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद सदस्य हरिप्रसाद पटेल, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, ब्लॉक प्रमुख विक्रांत यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

नेताओं ने इस उपलब्धि को बदायूं जिले के लिए ऐतिहासिक और विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से व्यापारियों, छात्रों और आम यात्रियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि इससे रोजगार, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में बदायूं को बड़ा लाभ मिलेगा।