प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य शुरू, 15 अप्रैल से पार्किंग रहेगी प्रतिबंधित

प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के तहत अब स्टेशन के सिटी साइड पर भी निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कार्य 15 अप्रैल से शुरू किया जाना प्रस्तावित है, जिसके बाद अग्रिम आदेश तक सिटी साइड पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों और आमजन को सुविधा देते हुए बताया कि स्टेशन के सिविल लाइंस साइड पर पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है। जिन यात्रियों को वाहन पार्क करने की आवश्यकता होगी, वे सिविल लाइंस साइड की पार्किंग का उपयोग कर सकते हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में प्रयागराज जंक्शन पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सिटी साइड पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों के सुचारू संचालन के लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही सिविल लाइंस साइड की पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और स्टेशन की व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस अवधि में सहयोग करें और सिविल लाइंस साइड पार्किंग का उपयोग करें। साथ ही सिटी साइड पर भी वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित करने के प्रयास जारी हैं। उपयुक्त व्यवस्था होते ही सिटी साइड पर सीमित पार्किंग सुविधा शुरू की जाएगी।