स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं कराने पर 1017 घरों की बिजली काटी, विभाग की जांच तेज

स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं कराने पर 1017 घरों की बिजली काटी, विभाग की जांच तेज

मुरादाबाद। बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र के 1017 घरों की बिजली सप्लाई बंद कर दी। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है और लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) गुलशन गोयल ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं था, उनकी बिजली आपूर्ति नियमों के तहत काटी गई है। विभागीय टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर सूची के आधार पर कार्रवाई की गई और साथ ही जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि उपभोक्ता समय पर रिचार्ज कराकर परेशानी से बच सकें।

अधीक्षण अभियंता गुलशन गोयल ने कहा कि अब विभाग यह भी जांच कर रहा है कि बिजली कटने के बाद भी कुछ घरों में लाइट कैसे चल रही है। ऐसे मामलों में यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं अवैध कनेक्शन, लाइन से जोड़कर बिजली चोरी या अन्य किसी माध्यम से बिजली का उपयोग तो नहीं किया जा रहा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच अभियान लगातार जारी है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या बिजली चोरी सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते स्मार्ट मीटर का रिचार्ज कराएं, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।