विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही एक माह से फुंका ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में रोष

एक माह से फुंका ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में रोष

दहगवां। विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांव कमालपुर जल्लूनगर में पिछले लगभग एक माह से बिजली ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है, जिससे पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद कई बार संबंधित विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मोबाइल चार्जिंग तक के लिए लोगों को दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराया गया, इसके बावजूद ट्रांसफार्मर बदलने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।

गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

सांकेतिक फोटो