कलेक्ट्रेट पर अभिभावकों का धरना-प्रदर्शन, निजी स्कूलों ने हवा में उड़ाए जिला प्रशासन के आदेश एनसीईआरटी की जगह महंगी निजी किताबें थोपने का आरोप

कासगंज। जिले के निजी स्कूलों द्वारा एनसीईआरटी की किताबें न लगाकर महंगी निजी प्रकाशनों की किताबें जबरन थोपे जाने के खिलाफ आज दोपहर कलेक्ट्रेट पर सैकड़ों अभिभावकों और छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।

युवा संगठन युवा यूनाइटेड फॉर वैल्युएबल एक्शन के अध्यक्ष हरवीर सिंह भारतीय ने बताया कि 6 मार्च और 31 मार्च को जिला प्रशासन ने साफ आदेश दिए थे कि सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लगाई जाएं, लेकिन जिले के अधिकतर निजी स्कूलों ने इन आदेशों की धज्जियां उड़ा दीं। अब भी महंगी निजी किताबें जबरन बेची जा रही हैं और खास दुकानों से खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है।

हरवीर सिंह भारतीय ने मांग की कि दोषी निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अभिभावकों के पैसे लौटाए जाएं और पूरे जिले में एनसीईआरटी किताबें हर हाल में लागू कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने अब भी आंखें मूंद रखी हैं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में सत्यवीर सिंह टाइगर, शिव कुमार हमदर्द, सुखबीर सिंह यादव, कुलदीप ठाकुर, मुकेश गुप्ता, संकल्प पचौरी, रणवीर राजपूत, योगेश यादव, आजाद हिंदुस्तानी, रोहित, दुर्वेश यादव समेत सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।