उत्तर पश्चिम रेलवे जोनल मीट में जोधपुर मंडल का दबदबा, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में चमके प्रतिभागी

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय जोनल स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक मीट में जोधपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 3 से 5 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जोधपुर मंडल के खिलाड़ियों और प्रतिभागियों ने खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और पुरस्कार अपने नाम किए।

मंडल खेलकूद अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, स्क्वाश, कैरम, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चेस, लॉन टेनिस, स्नूकर और महिला क्रिकेट जैसे कई खेलों का आयोजन हुआ। इसके साथ ही रंगोली, नृत्य और मेहंदी जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खेल प्रतियोगिताओं में जीते कई पदक

लॉन टेनिस में जोगेंद्र मीणा, नीतीश शर्मा, वरुण चौधरी और वीर राव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

बैडमिंटन में शोभा राम वर्मा, प्रवीण कुमार इनानी, ऊषा सुगात, राघव अग्रवाल, पूजा चित्रा और निष्ठा त्रिपाठी ने पदक जीतकर मंडल का नाम रोशन किया।

टेबल टेनिस में कंचन चावला, राधा अग्रवाल, पूजा चितारा और राघव अग्रवाल ने शानदार खेल दिखाया।

स्क्वाश प्रतियोगिता में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी और हर्षित सिंह विजेता रहे।

कैरम में जोगेंद्र मीणा, मोनिका मीणा, संयम अग्रवाल, अविरल त्रिपाठी, राघव अग्रवाल तथा महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने पदक प्राप्त किए।

चेस और स्नूकर में अंकित तायल ने सफलता हासिल की।

वहीं एथलेटिक्स में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी, निष्ठा त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम चौधरी, पूजा चितारा और मानकंवारी ने शानदार प्रदर्शन कर पदक अर्जित किए।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी मिली बड़ी सफलता

खेलों के साथ-साथ जोधपुर मंडल ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रंगोली, नृत्य और मेहंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने कई पुरस्कार जीतकर मंडल की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।

डीआरएम ने दी बधाई

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर मंडल के खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं टीम भावना को मजबूत करती हैं और कर्मचारियों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।